त्योहारी सीजन में बाजार में रैली न करने की मांग, जिला प्रशासन को लिखा पत्र

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

 भाजपा द्वारा 4 नवंबर को गांधी चौक पर प्रस्तावित महारैली को लेकर व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है। व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया है कि वह बाजार के बीच रैली के लिए अनुमति नहीं देगा और इस संबंध में जिला प्रशासन को भी पत्र लिखकर त्योहारी सीजन में रैली की अनुमति न देने की मांग की है।

 

 

व्यापार मंडल का कहना है कि दीपावली साल का सबसे बड़ा त्योहार है और इस समय बाजारों में पहले से ही भारी भीड़ रहती है। ऐसे में बाजार के बीच रैली होने से व्यापारियों को भारी नुकसान होगा। व्यापारियों ने कहा कि रैली के कारण जाम और पार्किंग की समस्या और बढ़ जाती है, जिससे ग्राहकों को बाजार आने में दिक्कत होती है।

 

व्यापार मंडल ने आयोजकों से आग्रह किया है कि इस रैली को दीपावली के बाद आयोजित किया जाए या फिर किसी अन्य खुले मैदान में इसका आयोजन किया जाए।

 

गौरतलब है कि इस महारैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक सतपाल सिंह सती, विधायक आशीष शर्मा, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल सहित हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता शामिल होने वाले हैं, जो गांधी चौक से जनता को संबोधित करेंगे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh