दुराचार मामले के आरोपी ने जेल में फंदा लगा कर दी जान

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

जिला कारागार हमीरपुर में पोक्सो एक्ट में अंडर ट्रायल चल रहे आरोपी ने जेल के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी है। शनिवार सुबह तड़के लगभग 4:00 बजे उसने कंबल का फंडा लगाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर दिया। जब तक जेल अधिकारियों तथा कर्मचारियों को पता चलता तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। बताया यह भी जा रहा है कि काफी अधिक कैदी एक ही बैरग में सो रहे थे लेकिन किसी को भी उसकी हरकत का पता नहीं चल पाया। जेल में अचानक इस तरह का कदम उठाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद जिला कारागार पहुंचे मृतक के परिजनों ने सुरक्षा प्रबंध पर सवालिया निशान खड़े किए। उनका कहना था कि यदि इस तरह से होता रहा तो फिर अंदर रहने वाले लोगों की सुरक्षा कैसे हो पाएगी। परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें लगभग 10:00 बजे इसकी जानकारी दी गई जबकि यह वाक्या सुबह 4:00 बजे हो चुका था।

जानकारी के मुताबिक उपमंडल बड़सर के तहत आने वाली पथलियार पंचायत के पथलियार गांव से संबंध रखने वाले 38 वर्षीय व्यक्ति पर नाबालिग से दुराचार करने के आरोप लगे थे। उसके बाद आरोपी को पुलिस कार्यवाही से गुजरना पड़ा तथा बाद में इसे ट्रायल पर जिला कारागार में रखा गया था। शनिवार सुबह इसने कंबल को एक तरफ से फाड़कर उसकी रस्सी बनाई और शौचालय में जाकर फंदे से झूल गया। हर एक पहलू से मामले की जांच की जा रही है तथा फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh