हमीरपुर में ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, एक दिन में काटे 60 चालान

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

 शहर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ हमीरपुर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। ट्रैफिक इंचार्ज संजय कुमार की अध्यक्षता में यातायात पुलिस की टीम ने अणु-मटन सिद्ध बाईपास सहित हमीरपुर शहर के मुख्य बाजारों में नाकाबंदी और जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के चालान काटे।

 

इस दौरान यातायात पुलिस ने एक ही दिन में करीब 60 चालान किए। कार्रवाई के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले दोपहिया वाहन चालक भी पुलिस के निशाने पर रहे। वहीं, बसों में बिना निर्धारित वर्दी के वाहन चलाने वाले चालकों और परिचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में बिना वर्दी के बस चलाते हुए पाए जाने पर किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

अभियान के दौरान ऐसे वाहन चालक भी कार्रवाई की जद में आए, जिनके पास वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। यातायात पुलिस ने चालान काटने के साथ वाहन चालकों को हिदायत दी कि सड़क पर वाहन लेकर निकलने से पहले अपना ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखना सुनिश्चित करें।

ट्रैफिक इंचार्ज संजय कुमार ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, हेलमेट और अन्य जरूरी सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा अपने दस्तावेज पूरे रखें।

यातायात पुलिस का यह अभियान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh