धर्मपुर एक्सप्रेस।भोरंज
पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने भोरंज में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक पर विकास कार्यों को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक 550 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च करने के दावे कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि उनकी अपनी विधायक प्राथमिकता सूची में शामिल योजनाओं में से पिछले चार वर्षों के दौरान केवल एक योजना की डीपीआर ही तैयार हो पाई है। ऐसे में जनता के सामने विकास के बड़े-बड़े दावे करना हास्यास्पद है।
डॉ. धीमान ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा भोरंज क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए अपने कार्यकाल में लगातार धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। केंद्र सरकार से सड़क निर्माण के लिए धनराशि मिलने के बावजूद संबंधित कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो पाया, जिसके चलते सांसद ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को 20 फरवरी तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता के हित में विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए सांसद द्वारा किए गए निरीक्षण पर कांग्रेस विधायक को आपत्ति क्यों है?
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई, लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बावजूद आम जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं के नए उदाहरण सामने आए हैं। भोरंज की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक अपने चार वर्ष के कार्यकाल में भोरंज अस्पताल में एक्स-रे मशीन तक उपलब्ध नहीं करवा पाए, जबकि भाजपा सरकार के समय क्षेत्र के लोगों को ये स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध थीं।
डॉ. धीमान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक विधानसभा के भीतर भी विकास कार्यों को लेकर बड़े-बड़े दावे करते हैं और कहते हैं कि उन्होंने यह कार्य कर दिया तथा वह कार्य कर दिया, लेकिन धरातल पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है। क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगभग शून्य है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ आम जनता को मिलने के बजाय विधायक के मित्रों और चुनिंदा ठेकेदारों तक सीमित होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कांग्रेस विधायक को नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने और अनर्गल बयानबाजी करने से पहले उन्हें अपने चार वर्षों के कार्यकाल का मूल्यांकन करना चाहिए और अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। जनता को आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाला विकास और बुनियादी सुविधाओं का लाभ चाहिए।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






