पुराने कांग्रेसियों की अनदेखी पर फूटा आक्रोश, डीडी कश्यप के निवास पर जुटे कार्यकर्ता

धर्मपुर एक्सप्रेस। सोलन

 

कांग्रेस संगठन में पुराने और कर्मठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मामला अब खुलकर सामने आने लगा है। कसौली विधानसभा क्षेत्र की पट्टा बरावरी पंचायत के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों में उचित भागीदारी और सम्मान न मिलने पर नाराजगी जाहिर की है। इस मुद्दे को लेकर पूर्व जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सोलन डीडी कश्यप के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें पंचायत के करीब 25 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

 

बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन को करीब चार वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन इस दौरान कसौली विधानसभा क्षेत्र की संगठनात्मक गतिविधियों में पट्टा बरावरी पंचायत के पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में होने वाली कांग्रेस की मासिक बैठकों, विधायक के दौरों और अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी तक उन्हें नहीं दी जाती।

 

डीडी कश्यप ने कहा कि वह पिछले करीब 58 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। सरकारी सेवा में 35 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद भी उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सक्रियता बनाए रखी। पिछले 22 वर्षों से वह लगातार संगठन के विभिन्न पदों पर रहकर कार्य करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए कठिन परिस्थितियों में भी साथ देने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी से निराशा होना स्वाभाविक है।

 

बैठक में पूर्व प्रधान सुखराम और पूर्व उपप्रधान राकेश कौंडल सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती के लिए पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए।

 

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी सोलन के अध्यक्ष से मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुराने कांग्रेसियों की शिकायतों पर संज्ञान लिया जाए। साथ ही पंचायत के वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मासिक बैठकों, विधायक के क्षेत्रीय दौरों तथा अन्य पार्टी कार्यक्रमों की नियमित जानकारी दी जाए, ताकि वे भी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

 

कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व से संगठन में संवाद, समन्वय और सम्मान की परंपरा मजबूत करने की अपील की।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh