धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चबूतरा में चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत आयोजित सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नरेश ठाकुर ने बताया कि ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ में राज्य, जिला और उपमंडल स्तर पर क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जिनमें लाखों के ईनाम रखे गए हैं। इनमें भाग लेने के लिए 15 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां 30 नवंबर तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
नरेश ठाकुर ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुराई से दूर रखना तथा उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में नशा एक बहुत ही गंभीर समस्या बन चुकी है। इसके जाल में फंसने वाले युवा सिर्फ स्वयं को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को भी गंभीर संकट में डाल देते हैं। इस समस्या को पूरी तरह खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ बहुत ही सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया है। ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे भेजने के साथ-साथ इनकी संपत्ति भी जब्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि नशे के धंधे में संलिप्त लोगों की पुलिस से सीधी शिकायत के अलावा टॉल फ्री नंबर 112 और ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप पर भी सूचना दी जा सकती है। इन पर सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं। शिक्षकों और अभिभावकों से भी सावधानी बरतने की अपील करते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि वे बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाएं।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संजय धीमान, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अनिल मनकोटिया, स्थानीय प्रधान रजनीश कुमार, स्कूल के शिक्षक प्रवीण कुमार, मीनू ठाकुर, तृप्ता धीमान, अनिल शर्मा, ललित पटियाल, रश्मि, सुनील कुमार और अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






