योजनाओं के क्रियान्वयन में न हो अनावश्यक विलंब : सुरेश कुमार

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

जिला योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक सोमवार को यहां बचत भवन में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया और समिति के अन्य गैर सरकारी सदस्यों ने भी भाग लिया।

 

इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान सुरेश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि जिला हमीरपुर के लिए मुख्यमंत्री ने बजट के आवंटन में कोई कमी नहीं रखी है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं के लिए पात्र लोगों और इनके लंबित आवेदनों की सूची तैयार करके समिति को प्रेषित करें, ताकि इनके लिए तुरंत धनराशि का प्रावधान करवाया जा सके।

उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित मामलों का अतिशीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं और प्रदेश सरकार ने इस संबंध में अधिनियम बनाकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की है। इस अधिनियम में निर्धारित अवधि के भीतर आम लोगों के कार्य न करने वाले पटवारी, कानूनगो या अन्य अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाने चाहिए।

उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को वीबी जीरामजी योजना के क्रियान्वयन में पंचायतों को आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए त्वरित कदम उठाने और एनआरएलएम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को जारी की जाने वाली धनराशि के व्यय की निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भूमिहीनों को मकान निर्माण के लिए जमीन आवंटित के मामलों में व्यवहारिक प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। राजीव गांधी वन संवर्द्धन योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इसके विस्तार एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए वन विभाग के अधिकारी पंचायत स्तर तक एक विस्तृत रणनीति तैयार करें तथा अधिक से अधिक महिला मंडलों, युवक मंडलों और अन्य सामाजिक संगठनों को इस योजना से जोड़ें। उद्यान विभाग के अधिकारी एचपीशिवा परियोजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे बागीचों का नियमित रूप से निरीक्षण करें। जिले में खराब पड़ी सोलर लाइटों की मरम्मत के लिए हिमऊर्जा के अधिकारी त्वरित कदम उठाएं। उन्होंने सड़कों और भवनों के आस-पास खतरनाक पेड़ों को हटाने, शहरी क्षेत्रों के पीएम आवास योजना के लाभार्थियों की अपडेटड सूची उपलब्ध करवाने, श्रम कानूनों की अनुपालना सुनिश्चित करने, हमीरपुर शहर में अंडरग्राउंड डक्ट के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया और जाहू में खाद्यान्नों के गोदाम के लिए भूमि की हस्तांतरण प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।

सुरेश कुमार ने कहा कि योजना विभाग के माध्यम से स्वीकृत विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। अगर कोई विकास कार्य जमीन की अनुपलब्धता या अन्य विवादों के कारण संभव नहीं हो पा रहा है तो धनराशि को तुरंत वापस करें। बैठक में अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग ने विभिन्न योजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh