धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा आज ग्राम पंचायत धरोग के गुलेला गाँव पहुँचे, जहाँ उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि सुख की सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 11 दिसंबर को साढ़े तीन लाख पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान करने की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
डॉ. वर्मा ने हमीरपुर जिले में चल रही विभिन्न महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमीरपुर में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण, नादौन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंडोर स्टेडियम की स्थापना, हेलीपोर्ट का निर्माण तथा मेडिकल कॉलेज के माध्यम से हमीरपुर को मेडिकल सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास जिले के भविष्य को नई दिशा प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि प्रदेश का नेतृत्व हमारे अपने जिले के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हमीरपुर को विकास की नई पहचान देने का संकल्प लिया है और उसी संकल्प के अनुरूप जिले में बड़े स्तर पर विकासात्मक कार्य आगे बढ़ रहे हैं।
डॉ. वर्मा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने का ऐतिहासिक समारोह 11 दिसंबर को हमीरपुर में आयोजित करने का निर्णय समस्त जिलावासियों के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने उपस्थित महिलाओं को व्यक्तिगत रूप से समारोह का निमंत्रण देते हुए कहा, कि मैं आज आपके बीच केवल विकास कार्यों की जानकारी देने नहीं, बल्कि आपको 11 दिसंबर के इस ऐतिहासिक उत्सव का न्योता देने भी आया हूँ। यह उत्सव हमीरपुर के प्रत्येक परिवार का उत्सव है। हम सबको इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और अपने मुख्यमंत्री का पूरे उत्साह के साथ स्वागत करना चाहिए।
इस दौरान गाँव की महिलाओं ने डॉ. वर्मा को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से भी अवगत करवाया। डॉ. वर्मा ने बताया कि गाँव की अनेक समस्याओं का समाधान पिछले चार वर्षों के दौरान किया जा चुका है तथा जो समस्याएँ अभी शेष हैं, उनके समाधान के लिए भी प्राथमिकता के आधार पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के विषय पर बोलते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों और विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक समृद्धि के नए रास्ते खोले हैं।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूँ और मक्की के लिए क्रमशः 60 रुपये और 80 रुपये प्रति किलोग्राम तथा हल्दी के लिए 150 रुपये प्रति किलोग्राम के समर्थन मूल्य का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य किसानों और महिलाओं को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना तथा प्राकृतिक खेती को लाभकारी स्वरोजगार के रूप में स्थापित करना है।
डॉ. वर्मा ने कहा, जब हमारे गाँव की महिलाएँ आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी हमारे गाँव मजबूत होंगे। गाँव मजबूत होंगे तो हमारा जिला मजबूत होगा और जब हमारे जिले मजबूत होंगे, तभी हमारा हिमाचल प्रदेश समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल विकास योजनाएँ बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अंत में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने सभी ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से 11 दिसंबर को हमीरपुर में आयोजित होने वाले सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने का आह्वान किया।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






