धर्मपुर एक्सप्रेस। धर्मशाला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए) को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार संस्थान की गौरवशाली 100 वर्षों की यात्रा को यादगार बनाने के उद्देश्य से महाविद्यालय के नाम के आगे ‘सेंटेनरी’ उपसर्ग जोड़ने के प्रस्ताव पर विचार करेगी।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार सायं महाविद्यालय के शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में ओएसए द्वारा आयोजित कार्यक्रम भाग लिया। उन्होंने संस्थान के 100 वर्ष पूर्ण होने पर महाविद्यालय परिवार, पूर्व विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को बधाई दी। वर्ष, 1926 में स्थापित इस प्रतिष्ठित संस्थान ने क्षेत्र में उच्च शिक्षा के प्रसार और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंनेे ओएसए की अन्य मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इनमें भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील पाइन क्षेत्र का स्थायी संरक्षण सुनिश्चित करना तथा महाविद्यालय परिसर में एसोसिएशन के लिए कार्यालय स्थापित करना शामिल है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक संस्थान के विकास एवं संरक्षण के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने प्रदेश के शैक्षणिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल अकादमिक शिक्षा प्रदान करने के केंद्र नहीं होते, बल्कि युवा पीढ़ी के चरित्र निर्माण, जीवन मूल्यों और आकांक्षाओं को दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान उसके पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों और समाज के प्रति उनके योगदान से बनती है।
इस अवसर पर ओएसए के अध्यक्ष संजीव गांधी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा पिछले 100 वर्षों के दौरान महाविद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की विस्तृत जानकारी दी।
सांसद अनुराग शर्मा, पूर्व मंत्री विप्लव ठाकुर, एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आर.एस. बाली, हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, ओएसए की कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. एन.डी. शर्मा, प्रो. रेखा डढवाल, डॉ. एन.एन. शर्मा, डॉ. अश्वनी कौल और परविंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






