ब्रेकिंग न्यूज़
मुख्यमंत्री ने चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण को दिखाई झंडी मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के नाम के पूर्व ‘सेंटेनरी’ उपसर्ग जोड़ने पर विचार करने का दिया आश्वासन मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के चैतड़ू में एसटीपीआई केंद्र का उद्घाटन किया विश्व मत्स्य दिवस पर कॉलेज में विशेष कार्यक्रम, मत्स्य विविधता और जलीय संरक्षण पर विशेषज्ञों ने साझा किए शोध अनुभव रॉयल्टी चोरी के आरोपों से घिरे विधायक को भ्रष्टाचार पर बोलने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए : विवेक कटोच राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार ने बणी और कोट में विद्यार्थियों के साथ किया संवाद

मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के चैतड़ू में एसटीपीआई केंद्र का उद्घाटन किया

धर्मपुर एक्सप्रेस। धर्मशाला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले में गग्गल हवाई अड्डे के समीप चैतड़ू में 18.29 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र से 15 से 20 उभरते उद्यमियों को सहयोग मिलने की उम्मीद है तथा अगले पांच वर्षों में 350 से 400 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

इस पहल का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में आईटी इकोसिस्टम को मजबूत करना, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना तथा स्टार्टअप और उभरते उद्यमियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना है। इस केंद्र में आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिनमें प्लग-एंड-प्ले इन्क्यूबेशन सुविधाएं, रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस, प्रबंधकों के केबिन, 40 सीटों वाला ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस एवं मीटिंग रूम, नेटवर्क ऑपरेशंस सेंटर (एनओसी), रिसेप्शन एरिया, अतिथि कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। इस केंद्र में 106 प्लग-एंड-प्ले सीटें, प्रबंधकों के लिए चार केबिन और 5,031 वर्ग फुट का रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस उपलब्ध करवाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को सूचना प्रौद्योगिकी और निवेश के क्षेत्र में एक उभरते हुए गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार आईटी कंपनियों को आकर्षित करने, स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने तथा नवाचार और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा में एसटीपीआई केंद्र की स्थापना से स्थानीय उद्यमियों और आईटी पेशेवरों को आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ-साथ प्रदेश में ही नए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उभरते क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर और कुशल एवं प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान कर तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से रोजगार की तलाश में युवाओं का प्रदेश से पलायन रोकने में मदद मिलेगी और वे हिमाचल प्रदेश में रहकर ही बेहतर करियर बना सकेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एसटीपीआई केंद्र क्षेत्र में आईटी गतिविधियों, नवाचार और उद्यमिता के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।

इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं सुशासन) गोकुल बुटेल, हिमाचल प्रदेश राज्य वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, सचिव (स्वास्थ्य) आशीष सिंहमार, निदेशक डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस अभिषेक वर्मा, उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh