धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट विवेक कटोच ने हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि लाखों-करोड़ों रुपये की रॉयल्टी चोरी के आरोपों से घिरे विधायक को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विधानसभा में बड़ी-बड़ी बातें करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने से पहले उन्हें अपने कार्यकाल और अपने कारोबार से जुड़े सवालों का जवाब जनता को देना चाहिए।
विवेक कटोच ने कहा कि आशीष शर्मा के भ्रष्टाचार पर दिए जा रहे भाषण उनकी कथनी और करनी के बीच के अंतर को उजागर करते हैं। आज भी यदि पुंग खड्ड स्थित उनकी माइनिंग साइट का निरीक्षण किया जाए, तो जल शक्ति विभाग की वे पाइपें, जो लगभग छह फुट जमीन के नीचे दबी होनी चाहिए थीं, कई फुट ऊपर दिखाई देती हैं। यह स्थिति कई गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर ऐसा कैसे हुआ? विधायक आशीष शर्मा को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर के नए बस स्टैंड के निर्माण को लेकर आशीष शर्मा द्वारा सवाल उठाना भी राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है। जब तक उन्हें उम्मीद थी कि नए बस स्टैंड का निर्माण पीपीपी मोड में होगा और उनकी कंपनी को इस परियोजना में काम करने का अवसर मिलेगा , तब तक वे पीपीपी मोड की वकालत कर रहे थे। लेकिन जब उनकी कंपनी को निर्माण कार्य का ठेका नहीं मिला, तो उन्हें अब इस परियोजना में कमियां ही कमियां और भ्रष्टाचार दिखाई देने लगा हैं।
विवेक कटोच ने सवाल किया कि जब आशीष शर्मा विधायक बनने के बाद कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे थे, उस समय वे लगातार नए बस स्टैंड को पीपीपी मोड में बनाने की मांग क्यों कर रहे थे? क्या उनकी प्राथमिकता हमीरपुर की जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना था या अपनी कंपनी के व्यावसायिक हितों को साधना? जनता को इन सवालों का जवाब भी विधायक आशीष शर्मा को देना चाहिए ।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हमीरपुर के विधायक का राजनीतिक नारा अब — ‘मैं विधायक , मेरा परिवार और मेरा व्यापार, बाकी भाड़ में जाए हमीरपुर की जनता और फलता फूलता रहे आशीष शर्मा के परिवार का कारोबार !’ विधायक आशीष शर्मा को राजनीति में जनता के मुद्दों से ज्यादा उनके परिवार और कारोबार की चिंता क्यों होती है, यह अपने आप में बड़ा सवाल है।
कटोच ने कहा कि जब भी हमीरपुर की जनता विधायक से उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का हिसाब मांगती है, तो वे उपलब्धियों का ब्यौरा देने के बजाय प्रदेश सरकार पर कीचड़ उछालना शुरू कर देते हैं। विधायक आशीष शर्मा को राजनीतिक बयानबाजी और दूसरों पर आरोप लगाने की बजाय अपने ऊपर उठ रहे सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।
विवेक कटोच ने कहा कि हमीरपुर की जनता अब राजनीतिक ड्रामेबाजी नहीं, बल्कि विकास का हिसाब चाहती है। जनता को यह स्पष्ट होना चाहिए कि विधायक की राजनीति का केंद्र हमीरपुर का विकास है या व्यक्तिगत, पारिवारिक और व्यावसायिक हित। जनता के सवालों से बचकर कोई भी जनप्रतिनिधि अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकता।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





