ब्रेकिंग न्यूज़

पेंशनरों की वित्तीय देनदारियां जल्द दे सरकार: अजमेर ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश में लंबित वित्तीय देनदारियों और अन्य मांगों को लेकर पेंशनरों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में धरना-प्रदर्शन कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अब सुक्खू सरकार को बातचीत के लिए 18 नवंबर तक का समय दिया है। पेंशनरों ने दो टूक कहा कि यदि सरकार ने तय समय तक उन्हें वार्ता के लिए नहीं बुलाया तो 19 नवंबर को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान परिवार सहित विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन में प्रदेशभर से हजारों पेंशनरों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

सोमवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों पेंशनरों ने प्रदर्शन किया। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ से जुड़े 18 संगठनों के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने एकजुट होकर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की। पेंशनरों ने कहा कि लंबे समय से उनकी वित्तीय देनदारियां और अन्य मांगें लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने कहा कि सरकार लंबे समय से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 70 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वित्तीय देय लाभ जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक उन्हें उनका हक नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि सरकार केवल आश्वासन देने के बजाय लंबित भुगतान जारी करे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh