कांग्रेस नेताओं से गारंटियों का हिसाब मांगे जनता : जयराम ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। ऊना

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए जनता और कार्यकर्ताओं से बड़ा आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश की जनता से एक-एक गारंटी झूठ बोलकर दी थी और छल से सत्ता हथियाई। सरकार चले चार वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं लेकिन इनकी दी दस गारंटियां पूरी नहीं हुई है। अब समय आ गया है कि जब भी कांग्रेस का कोई नेता आपके इलाके या गांव में आए, तो उनसे पूरी मुखरता के साथ यह सवाल पूछा जाए कि आपकी दी हुई गारंटियों का आखिर क्या हुआ? जनता को अब कांग्रेस नेताओं से उनकी गारंटियों का पाई-पाई का हिसाब मांगना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष जिला ऊना के कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज पंचायत चुनाव जीतकर आप आये हैं तो इसकी एक लंबी लड़ाई भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी है वरना सुक्खू जी महाराज तो ये चुनाव करवाना ही नहीं चाहते थे क्योंकि उन्हें मालूम था कि हमारी दी गारंटियों के पूरा न होने से जनता आक्रोशित है और हम हार जाएंगे। हुआ भी ठीक ऐसा ही कि मुख्यमंत्री की आशंका सच साबित हुई। कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में सत्ता होने के बावजूद 20 प्रतिशत प्रतिनिधि भी नहीं जीता पाई जबकि भाजपा ने 80 प्रतिशत जनप्रतिनिधि जीते और 12 में से 11 जिलों में अपनी जिला परिषद बनाई।

 

जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने वर्तमान सरकार के कार्यकाल की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इन बीते चार वर्षों में प्रदेश विकास की पटरी से पूरी तरह उतर चुका है और राज्य चालीस वर्ष पीछे चला गया है। आज पूरे हिमाचल प्रदेश में चारों तरफ़ तबाही मची हुई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो प्राकृतिक आपदा ने पूरे प्रदेश में भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे जनता त्रस्त थी, वहीं दूसरी तरफ वर्तमान कांग्रेस सरकार स्वयं जनता के लिए किसी बड़ी आपदा से कम साबित नहीं हुई है।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस शासनकाल में पूरे प्रदेश के भीतर चल रहे विकास कार्यों पर पूर्ण विराम लगाकर चले हुए संस्थानों पर पूर्ण रूप से तालाबंदी कर दी गई है। बजट के अभाव और प्रशासनिक ढुलमुलपन के कारण सभी नई व पुरानी योजनाएं ठप पड़ी हैं। आज हिमाचल प्रदेश में यदि कहीं भी बड़ा विकास कार्य होता हुआ दिख रहा है, तो वह सिर्फ और सिर्फ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं और उनके द्वारा जारी किए गए बजट की वजह से ही संभव हो पा रहा है। राज्य सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। इन्होंने मित्रों को खुली छूट देकर सभी जगह भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। हम तो तथ्य जुटा ही रहे हैं लेकिन ये सवाल इनके ही मंत्री के बेटे पूर्व सीपीएस ने उठाए हैं। कितने अटैची दिल्ली भेजे जा रहे हैं और कितने मुख्यमंत्री के पास रखे जा रहे हैं। यही कांग्रेस की कार्य संस्कृति है। मुख्यमंत्री गांधी परिवार को खुश करने के लिए बार बार दिल्ली जाते हैं। अब चुनाव आयोग के खिलाफ धरना देने के लिए लोगों को भरभर दिल्ली ले जाया जा रहा है। जिस चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी को हिमाचल में सत्ता में लाया अब उन्हीं के खिलाफ वोट चोरी के आरोप लगाये जा रहे हैं। असल में वोट चोरी तो कांग्रेस पार्टी ने झूठी गारंटियां देकर हिमाचल में की है। अभी बैलेट पेपर पर विधान परिषद के चुनाव हुए तो वहां कांग्रेस पार्टी को फिर सिफ़र मिला। एक दिमाग से हिले हुए नेता को बार बार लॉन्च करके भी सफलता नहीं मिल रही है तो अराजकता का माहौल खड़ा कर सरकार पलटने का सपन देख रहे हैं। एक नेता तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके पिता की गाली देने तक उतर आया है। सत्ता पाने की लालसा में ये लोग कितना गिर सकते हैं ये इनके आचरण से पता चलता है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले दी हुई चुनावी गारंटियां पूरी नहीं हुई और अब मुख्यमंत्री जिले बनाने की दूसरी चुनावी गारंटी देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अब चाहे आप 68 विधानसभा में सब जगह जिले बना लें, तो भी दोबारा सत्ता में कांग्रेस पार्टी नहीं आने वाली है।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता इनके झूठे वादों को पहचान चुकी है। उन्होंने अपने कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि हमने भाजपा सरकार के समय इस चिंतपूर्णी क्षेत्र में लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य रिकॉर्ड समय में स्वीकृत और पूरे करवाए थे।

जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास को निरंतर जारी रखने के लिए चिंतपूर्णी से भाजपा विधायक का विधानसभा में होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, “मैं आज आप सभी से यही संकल्प लेने और मिलने आया हूँ। प्रदेश में आगामी सरकार निश्चित रूप से भाजपा की ही बनने जा रही है। पिछली बार चुनावों में हमसे जहाँ भी और जो भी कमियाँ रह गई थीं, हमें मिलकर उन्हें दूर करना होगा और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा।”

इस भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन और सम्मान समारोह के अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम मन्हास, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा, नवीन धीमान, पूर्व विधायिक सुषमा शर्मा, हरोली से पूर्व प्रत्याशी रामकुमार तथा जिला परिषद अध्यक्ष पवन लम्बरदार सहित भारी संख्या में पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतितिधि और हजारों की संख्या में निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh