धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर और बैंकिंग आईएफएम फिनकोच ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने शुक्रवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। आईएफएम बैंकिंग वित्त सेवा और बीमा क्षेत्र में स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को रोजगार देने के लिए प्रशिक्षण देता है और उसके बाद उन्हें विभिन्न निजी बैंकों में नौकरी प्रदान करता है। तकनीकी विवि के कुलसचिव कमल देव सिंह कंवर और अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो जयदेव की अगुवाई में आईएफएम के निदेशक मनोज सहगल व बीडीएम केवल सिंह ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो जयदेव ने कहा कि तकनीकी विवि के यूजी और पीजी के विद्यार्थियों को आईएफएम छह माह का प्रशिक्षण देगा। प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा और उसके अलावा खाने और रहने की व्यवस्था भी उन्हीं की ओर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि आईएफएम का हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम से साथ भी समझौता है, तो ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के बाद रोजगार मुहैया करवाना उनकी प्राथमिकता ही रहता है। उन्होंने कहा कि जून माह में यूजी और पीजी के पास आउट विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के लिए कंपनी में भेजा जाएगा, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






