धर्मपुर एक्सप्रेस। सुजानपुर
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कुठेड़ा के बाग चौकी में आज भाजपा के 45वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में सुजानपुर से जीत की हैट्रिक जमा चुके पूर्व विधायक और उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने कहा की भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का गौरव हासिल कर चुकी है और भाजपा ने राष्ट्रवाद की डोर को मजबूत करते हुए देश को भाई भतीजावाद, भ्रष्टाचार, जातिवाद और वोट बैंक की संस्कृति से मुक्त करके देश में स्वाभिमान का झंडा बुलंद किया है। जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी दिशाहीन नेतृत्व के कारण आज ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है और कोई दिन ऐसा नहीं जा रहा जब कांग्रेस के बड़े बड़े नेता कांग्रेस को श्रद्धांजलि देकर भाजपा में शामिल न हो रहे हों।
राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस आज भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है और हिमाचल प्रदेश में भी शासन की बागडोर ऐसे शख्स के हाथ में है जिसने 14 महीने में ही हिमाचल को बैक गियर में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते उनकी यही इच्छा थी कि विकास के मोर्चे पर प्रदेश भी आगे बढ़े और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र भी आगे बढ़े लेकिन मुख्यमंत्री सिर्फ अपने मित्रों का विकास करने में जुटे रहे और चुने हुए विधायकों को जलील करने में ही अपनी उर्जा उन्होंने लगाए रखी। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में जनता की मांग पर और जनता की सुविधा के मध्य नजर खोले गए सैकड़ो संस्थान सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री बनने के बाद डीनोटिफाई कर दिए और पिछले साल होली पर सुजानपुर में की गई घोषणाओं को भी उन्होंने अमलीजामा पहनाने की बजाय डस्टबिन में डाल दिया। राजेंद्र राणा ने कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल, वीरभद्र सिंह और जयराम ठाकुर के साथ भी काम किया है और उनकी कार्यशैली को देखा है। इन तीनों मुख्यमंत्री की सोच प्रदेश को विकास के मोर्चे पर आगे ले जाने की थी और गांव व गरीब की सेवा का एजेंडा उनके लिए सर्वोपरि था। लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री के लिए मित्र मंडली का एजेंडा सर्वोपरि बनकर रह गया है और प्रदेश में कांग्रेस के घोषणा पत्र को भी एक तरह से जंग लगने की हालत में छोड़ दिया गया है। युवाओं को रोजगार देने के नाम पर धोखा दिया गया है। महिलाओं के खाते में ₹1500 डालने का वायदा पूरा नहीं किया गया है। सिर्फ मित्रों को पद बांटे गए हैं और एडवाइजरों और ओएसडी की लंबी फौज खड़ी करके प्रदेश के खजाने पर बोझ डाला गया है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि कोई भी चुना हुआ विधायक 14 माह के भीतर जनता के दरबार में फिर से वोट मांगने नहीं आता लेकिन सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिस तरह चुने हुए विधायकों को जलील किया और उनके विधानसभा क्षेत्र की जनता को अपमानित किया गया, वह बर्दाश्त से बाहर था और वह स्वाभिमान से समझौता करके अपने क्षेत्र की जनता का अपमान नहीं करवाना चाहते थे। राजेंद्र राणा ने कहा कि इन चुनावो में देश और प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के काम और नाम को आधार बनाकर वोट देगी और यह चुनाव कांग्रेस के लिए वाटरलू साबित होंगे। जनता अब कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर साफ जान गई है।
इस कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य और अखिल भारतीय महिला मोर्चा की महामंत्री इंदु गोस्वामी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षता वंदना योगी, सुजानपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष प्रोफेसर विक्रम राणा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh