अप्रैल से प्रदेश की महिलाओं को मिलेंगे ₹1500 प्रतिमाह:  मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 

धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला

हिमाचल में उठे सियासी तूफान के कुछ टलने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने प्रदेश की सभी महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह पेंशन देने की घोषणा कर दी है। शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला कर सीएम ने यह ऐलान किया है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में सभी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने की गारंटी दी थी लेकिन इस गारंटी के पूरा न होने के कारण विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा था।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उन्होंने बजट के जवाब के दौरान इसकी घोषणा करनी थी, लेकिन विपक्ष के शोरशराबे की वजह से नहीं कर पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाहौल स्पीति में 25 फरवरी से सभी महिलाओं को 1500 रुपए मिलने शुरू हो गए है। अब प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी यह पेंशन मिलेगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि 18 साल से अधिक आयु की सभी बेटी व महिलाओं को यह फायदा मिलेगा। इसकी शुरूआत एक अप्रैल 2024 से होगी। इस योजना का नामकरण ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना’ किया गया है।इस पर सालाना 800 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में 60 साल से ज्यादा उम्र की 2.45 लाख महिलाओं को पहले 1100 रुपए मासिक पेंशन मिल रही थी। इनकी पेंशन भी बढ़ाकर 1500 रुपए कर दी गई है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh