धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आज हिमाचल प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने आज हमीरपुर के बसंत रिजॉर्ट में रंगारंग पहाड़ी महिला संगीत कार्यक्रम में भाग लिया। पहाड़ी महिला संगीत कार्यक्रम हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर द्वार देवभूमि हिमाचल के युवाओं, बच्चियों और महिलाओं को देवभूमि की लोक संस्कृति और परम्पराओं से जोड़े रखने का एक अनोखा और बेहद सफल प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद मीडिया कर्मियों से वार्तालाप करते हुए अनुराग ठाकुर ने बताया, “महिला पहाड़ी संगीत प्रतियोगिता अपने आप में एक अनोखी पहल है। यह हमारे देवभूमि हिमाचल की संगीत, कला और परंपराओं को बचाने और आगे बढ़ने का प्रयास है। मुझे बेहद प्रसन्नता है कि अब तक 15000 से ज्यादा माताओं- बहनों ने अभी तक हमीरपुर जिले में इसमें भाग लिया है। अनोखे जोश के साथ अपने पारंपरिक वेशभूषाओं में महिलाएं अपने पारंपरिक गीत गा रहीं हैं और नृत्य कर रही हैं।”
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर द्वारा चार चांद लगाए जाने के बारे में बताते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “मैथिली ठाकुर जब गा रही थीं तब हमारी माताओं बहनों ने उनके साथ खूब गाया और नृत्य किया। अब तो लगता है कि महिला पहाड़ी संगीत जैसे कार्यक्रम बार-बार कराने होंगे।”
अनुराग ठाकुर ने कहा” हमारे हिमाचली संस्कृति की रीढ़ हैं हमारी माताएं, बहनें, बेटियां, जो पीढ़ी दर पीढ़ी लोक गीतों, नाटकों और कहानियों के माध्यम से इसे जीवित रखती हैं। महिला पहाड़ी संगीत प्रतियोगिता इसी को ध्यान में रख कर शुरू की गई है जिसमें पंद्रह से अधिक कार्यक्रम और दस हजार से अधिक उत्साही प्रतिभागियों के साथ यह प्रतियोगिता हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत का एक शानदार प्रदर्शन है। इसमें हर उम्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, जो अपने आप में यह बताता है कि यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का एक आंदोलन है। महिला पहाड़ी संगीत के माध्यम से नई पीढ़ी अपने संस्कृति से रूबरू हो रही है”
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






