धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
हमीरपुर के हीरानगर में कुछ शरारती तत्वों द्वारा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का पोस्टर फाड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सदर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार रात को सदर पुलिस पैट्रोलिंग पर थी कि इस दौरान किसी व्यक्ति ने हीरानगर में मुख्यमंत्री के लगाए पोस्टर को फाड़े जाने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना के एसएचओ हरीश गुलेरिया ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, जिसमें मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा का लगा पोस्टर फटा पाया गया। इस कार्य को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस जुट गई है। पुलिस द्वारा मौके के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसएचओ ने बताया कि इस तरह के कार्य को अंजाम देने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






