धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के अंतर्गत आज बिहार के आरा में विशाल पथ यात्रा निकालकर कांग्रेस, आरजेडी और इंडी गठबंधन की राजनीति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमले कर देश में भ्रम, अविश्वास और अराजकता का वातावरण बनाने में जुटा है। बिहार की जनता लोकतंत्र विरोधी राजनीति को हमेशा जवाब देती आई है।
राहुल गांधी अपनी राजनीतिक विफलताओं का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस चुनावी हार स्वीकार करने के बजाय निर्वाचन आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाती है। एसआईआर का उद्देश्य किसी पात्र नागरिक का मताधिकार छीनना नहीं, बल्कि मतदाता सूचियों को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और दोहरे पंजीकरण वाले मतदाताओं का सत्यापन आवश्यक प्रक्रिया है। तीन चरणों में लगभग 95.40 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड की समीक्षा हुई और 13.39 करोड़ प्रविष्टियां विभिन्न श्रेणियों में चिह्नित की गईं। यह वोट चोरी नहीं, बल्कि अपात्र प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी का इतिहास कांग्रेस के शासनकाल से जुड़ा है, जब इंदिरा गांधी का चुनाव न्यायालय ने निरस्त किया था। नेहरू-गांधी परिवार के शासनकाल में संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर सवाल उठते रहे। आज स्वतंत्र निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा दर्शाता है। जिस परिवार ने आपातकाल में लोकतंत्र और संविधान को कुचला, वह आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहा है।
राहुल गांधी के भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनमी बताने वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है। विदेशी पैसा, विदेशी मित्र और विदेशी ताकतों के सहारे देश में भ्रम फैलाने के प्रयास सफल नहीं होंगे।
महिला अधिकारों पर विपक्ष को घेरते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि इंडी गठबंधन परिवार की महिलाओं को राजनीतिक अवसर देने में पीछे नहीं रहता, लेकिन देश की आम महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की बात आते ही बहाने बनाने लगता है। तेजस्वी यादव अपनी बहन को उसका हक नहीं दिला पाए, वे देश की बहन-बेटियों के अधिकारों की बात कैसे करेंगे? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जब भी सत्ता की गर्मी दिखाई, बिहार की जनता ने उसे उसका जवाब दिया। बिहार लोकतंत्र की ऐतिहासिक भूमि है और जब भी संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई हुई है, यहां की जनता सबसे आगे खड़ी रही है। जेपी आंदोलन से निकले कई नेता भी बाद में कांग्रेस के साथ जा मिले।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






