धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में जिला हमीरपुर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है, और विजयी हुए जनप्रतिनिधियों के समीरपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से मिलने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सिलसिला लगातार जारी है। नव-निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों से लेकर बीडीसी सदस्यों, पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों तथा अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों का समीरपुर में प्रतिदिन पहुंचना राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मंगलवार को भी विभिन्न पंचायतों और वार्डों से आए नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने प्रो. धूमल से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इनमें उहल वार्ड से नव-निर्वाचित जिला परिषद सदस्य ज्योति ठाकुर, पौंहज वार्ड से बीडीसी सदस्य सुषमा देवी, भरेड़ा पंचायत की प्रधान अनुबाला, चरियां दी धार पंचायत की प्रधान सुमना देवी एवं उपप्रधान ओमकार चंद, टपरे पंचायत के उपप्रधान हरनाम चंद तथा जंडाड़ पंचायत के उपप्रधान सचिन राणा शामिल रहे। इनके साथ संबंधित पंचायतों के अनेक स्थानीय लोग एवं समर्थक भी समीरपुर पहुंचे।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत दिम्मी के नव-निर्वाचित प्रधान राकेश कुमार भी अपने समर्थकों के साथ समीरपुर पहुंचे और प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
वहीं धमरोल एवं बधाणी जिला परिषद वार्डों से भी एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल प्रो. धूमल से मिलने उनके समीरपुर स्थित आवास पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में बधाणी वार्ड से नव-निर्वाचित जिला परिषद सदस्य रजनी देवी, धमरोल वार्ड से जिला परिषद सदस्य अनीता शर्मा सहित दोनों वार्डों के अंतर्गत आने वाली विभिन्न पंचायतों के विजयी बीडीसी सदस्य, प्रधान, उपप्रधान और पंच शामिल रहे।
इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रो. धूमल के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। गौरतलब है कि पंचायती राज चुनावों के बाद बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का लगातार समीरपुर पहुंचना प्रो. प्रेम कुमार धूमल की व्यापक जनस्वीकार्यता, संगठनात्मक प्रभाव तथा आम जनता और कार्यकर्ताओं के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और अपेक्षा के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए गांवों के समग्र विकास, पारदर्शी कार्यप्रणाली और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






