नंधन में चुनाव जीतकर मोनू ने अपने दादा की तरह दिखाई सियासी ताकत

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नंधन में प्रधान का चुनाव बड़े अंतर के साथ जीतकर रवि कुमार ‘मोनू’ ने सभी को चौंका दिया है। उनका पैतृक घर ग्राम पंचायत पांडवीं में पड़ता है, लेकिन उन्होंने नंधन से चुनाव लड़ा और इसे 125 वोटों के अंतर से जीतकर सभी को अपनी सियासी ताकत का अहसास करवाया है।

वर्तमान में रवि कुमार ‘मोनू’ के परिवार के सभी सदस्यों के नाम ग्राम पंचायत पांडवीं की मतदाता सूची में दर्ज हैं। सिर्फ उनका अपना नाम ही ग्राम पंचायत नंधन की मतदाता सूची में दर्ज है। इसके बावजूद 37 वर्षीय रवि कुमार ‘मोनू’ ने नंधन के मतदाताओं के बीच एक अच्छी छवि बनाई है और इसी के बलबूते उन्होंने यह चुनाव जीता है।

दरअसल, रवि कुमार ‘मोनू’ के पारिवारिक पृष्ठभूमि कांग्रेसी विचारधारा की रही है और इनके परिवार का पूरे क्षेत्र में अच्छा-खासा सियासी रसूख है। उनके दादा ठाकुर दौलत राम लगातार 25 वर्ष तक पांडवीं पंचायत से प्रधान रहे। 1970 के दशक के युवा कांग्रेसी नेता और पूर्व विधायक स्वर्गीय रमेश चंद्र वर्मा के साथ उन्होंने पूरे इलाके में

कांग्रेस की जड़ें मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।

दादा के नक्शे कदमों पर चलते हुए अब पोते रवि कुमार ‘मोनू’ ने पंचायत चुनाव में बड़ी जीत हासिल करके अपनी चुनावी पारी का आगाज जोरदार ढंग से किया है। पूरे क्षेत्र में इसकी काफी चर्चा हो रही है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh