पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के विरोध में आज ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा की अगुवाई में जगह-जगह केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

 

इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने चुनावी लाभ के लिए पहले पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों को रोके रखा और अब अचानक भारी वृद्धि कर आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है और रोजमर्रा की वस्तुएं 10 से 30 प्रतिशत तक महंगी हो चुकी हैं।

 

उन्होंने कहा कि आज आम परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। हर क्षेत्र में महंगाई की मार जनता को झेलनी पड़ रही है। केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हो रही है। रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोर हो रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।

 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि बढ़ती महंगाई पर तुरंत रोक लगाई जाए और पेट्रोल, डीजल व गैस सिलेंडर के दाम कम किए जाएं।

इस अवसर पर यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दिवस ठाकुर, हमीरपुर इंटक ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार, सुभाष कटोच, कांग्रेस उपाध्यक्ष अनुराग चौधरी, रजत राणा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अश्विनी कुमार, कांग्रेस उपाध्यक्ष शुभम, कैप्टन दूनी चंद, सूबेदार रतन चंद, संजय कुमार ,सुनील कुमार, सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh