गांव भगेटू में गिरी विद्युत लाइन को ग्रामीणों और विद्युत विभाग ने मिलकर किया बहाल

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

हमीरपुर जिला के अंतर्गत गांव भगेटू में दो दिन पहले आए भारी तूफान के कारण विद्युत विभाग का पोल गिर गया था, जिससे दो गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई और क्षेत्र अंधेरे में डूब गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग के एसडीओ भोटा राजेश धीमान से संपर्क किया गया। उन्होंने तुरंत मौके का निरीक्षण किया और आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।

विभाग में लेबर की कमी होने के कारण कार्य में कठिनाई आ रही थी, लेकिन गांव भगेटू के लोगों ने स्वयं आगे आकर विभाग का सहयोग करने का निर्णय लिया। इसके बाद गांववासियों और विद्युत कर्मचारियों ने मिलकर गिरे हुए पोल को दोबारा स्थापित करने का कार्य शुरू किया।

इस दौरान सबसे सराहनीय बात यह रही कि एसडीओ श्री राजेश धीमान ने एक अधिकारी होते हुए भी खुद पोल पर चढ़कर कार्य किया और कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मैदान में डटे रहे। उनके साथ जेई अंकुश एवं जेई दिनेश ने भी पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया।

सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने बिना समय की परवाह किए लगातार कार्य किया और रात लगभग 9 बजे तक विद्युत आपूर्ति को पूर्ण रूप से सुचारू कर दिया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली।

गांव भगेटू की जनता ने विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सेवा भावना, मेहनत और समर्पण की सराहना की है।

विशेष रूप से श्रमदान करने वाले सूबेदार महेंद्र सिंह, प्रवीण महेला, मुख्तियार सिंह,वीरू,मगन सिंह, कृष्ण चंद, राजेंद्र कुमार,बबलू,पप्पी, एक्स उप प्रधान रणजीत सिंह, रिटायर्ड एसडीओ प्रेम जस्सल, सुरेश कुमार, राजन कुमार, पम्मी, अकक्षु और आदि के योगदान की सभी ने सराहना की जिन्होंने विद्युत बहाली कार्य में बढ़ चढ़कर सहयोग दिया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh