मंडी नगर निगम चुनाव: भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ समृद्ध मंडी का रोडमैप : जयराम ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। मंडी

मंडी नगर निगम चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने ‘संकल्प पत्र’ के माध्यम से शहर के सर्वांगीण विकास का एक विस्तृत खाका जनता के सामने प्रस्तुत किया है। उन्होंने मण्डी नगर निगम के सभी 14 वार्डों के निवासियों से भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की है, ताकि शहर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र न केवल विकास के लक्ष्य हासिल करने का दस्तावेज है, बल्कि यह मंडी की सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक अधोसंरचना, महिला सुरक्षा, युवा सशक्तिकरण और जन-सुविधाओं को एकीकृत करने का एक ठोस प्रयास है।

 

 

जयराम ठाकुर ने कहा कि संकल्प पत्र के मुख्य बिंदुओं पर नजर डालें तो महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसके अंतर्गत शहर के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंडों और संवेदनशील क्षेत्रों में एआई-पावर्ड हाई-रेज़ोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जाएगा ताकि कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। साथ ही, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से मंडी की यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकालने का वादा किया गया है। महिलाओं के लिए ‘स्वच्छता एवं सम्मान केंद्र’ और ‘पिंक टॉयलेट’ की स्थापना, सैनिटरी वेंडिंग मशीनें और क्यूआर -आधारित निगरानी प्रणाली जैसे कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। आपदा प्रबंधन के लिए भाजपा ने ‘अर्ली वार्निंग सिस्टम’ और मोबाइल अलर्ट सेवा का प्रस्ताव रखा है, जो विशेष रूप से मानसून के दौरान टारना हिल और पड्डल ग्राउंड जैसे क्षेत्रों के लिए जीवन रक्षक साबित होगा। शहर की स्वच्छता को लेकर ‘स्वच्छ छोटी काशी – स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, जीपीएस-युक्त वाहन और कंपोस्टिंग यूनिट का वादा किया गया है। युवाओं के लिए मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई, आधुनिक पुस्तकालय और वार्षिक ‘कौशल विकास मेला’ जैसे प्रावधान किए गए हैं ताकि स्वरोजगार के अवसर बढ़ें। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए ‘वरिष्ट सम्मान सेवा’ के तहत निशुल्क पिक-अप और ड्रॉप सुविधा और 24/7 स्वास्थ्य परामर्श का वादा भाजपा की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंडी की 500 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए ‘मंडी 500 वर्ष गौरव अभियान’ चलाया जाएगा, जिसमें हेरिटेज वॉक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देना शामिल है। इसके अतिरिक्त, सकोड़ी खड्ड के तटीकरण, नई सड़कों के निर्माण, बहुमंजिला पार्किंग परियोजनाओं और ‘सेवासेतु’ डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से घरेलू सेवाओं की उपलब्धता जैसे वादे मंडी को एक आधुनिक शहर बनाने की दिशा में भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। ‘चिट्टा मुक्त और नशा मुक्त मंडी’ का संकल्प भाजपा के विजन का एक अनिवार्य हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य प्रदान करना है।

 

जयराम ठाकुर ने विश्वास जताया है कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सोच और नगर निगम में भाजपा की उपस्थिति ‘विकास की गारंटी’ बनेगी, जिससे मंडी न केवल हिमाचल बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श नगर निगम के रूप में उभरेगा। इस संकल्प पत्र के माध्यम से भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह मंडी के हर वर्ग, चाहे वह व्यापारी हो, कर्मचारी हो, युवा हो या गृहणी, सभी की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है और मंडी की जनता इस बार फिर विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh