सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थित उम्मीदवार मंजीत धीमान ने भारी जनसमर्थन के साथ भरा नामांकन

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड नंबर-3 दरोगाण पत्ती कोट से भाजपा समर्थित उम्मीदवार मंजीत धीमान उर्फ मंजू ने आज भाजपा मंडल एवं क्षेत्र की जनता के भारी समर्थन और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरे क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता पुन्नू राम, अश्वनी कुमार, भाजपा मीडिया प्रभारी नरेंदर ठाकुर, भाजपा प्रवक्ता अजय पुरी, किसान मोर्चा प्रदेश सदस्य अनिल कौशल, पूर्व प्रधान सीमा कुमारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन ठाकुर, युवा मोर्चा नेता मोहित डोगरा, महामंत्री विशाल कातना, नवू ठाकुर, रोहित सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मंजीत धीमान उर्फ मंजू को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि भाजपा संगठन की नीतियों, विकासात्मक सोच और जनसेवा के संकल्प को लेकर जनता में भारी उत्साह है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला परिषद वार्ड-3 की जनता इस बार विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता देते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाएगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा ने कहा कि पार्टी संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरा है तथा कार्यकर्ताओं का जोश यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि क्षेत्र की जनता भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जता रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र के विकास, युवाओं के हित, महिलाओं के सशक्तिकरण और जनसमस्याओं के समाधान के लिए भाजपा निरंतर कार्य करती रहेगी।

वहीं मंजीत धीमान उर्फ मंजू ने क्षेत्र की जनता, भाजपा मंडल एवं सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए वार्ड के सर्वांगीण विकास और जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे।

नामांकन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए पार्टी के पक्ष में उत्साहपूर्ण माहौल बनाया और पूरे कार्यक्रम में संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन देखने को मिला।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh