धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला
पर्यटन सीज़न के बीच कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹993 की अचानक बढ़ोतरी ने शिमला के छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। इस फैसले का सीधा असर होटल, ढाबों और रेस्तरां कारोबार पर देखने को मिल रहा है।
स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि सीज़न के दौरान जब कमाई का समय होता है, ऐसे में कीमतों में इतनी बड़ी वृद्धि ने उनके सामने नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। पहले ही गैस सिलेंडर की कमी के कारण लंबे समय तक कामकाज प्रभावित रहा, और अब दाम बढ़ने से स्थिति और खराब हो गई है।
कारोबारियों के मुताबिक, आमतौर पर गैस के दामों में कुछ प्रतिशत की बढ़ोतरी होती थी, लेकिन इस बार 30 से 40 फीसदी तक की वृद्धि ने उन्हें झटका दिया है। उनका कहना है कि अब उन्हें खाने-पीने की चीज़ों के दाम बढ़ाने पड़ेंगे, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।
हिमाचल होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष इन्दरजीत ने केंद्र सरकार के इस फैसले को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि इससे छोटे कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ेंगी और कारोबार में गिरावट आएगी।
कारोबारियों ने सरकार से मांग की है कि इस फैसले को जल्द से जल्द वापस लिया जाए, ताकि पर्यटन सीज़न में उनका कामकाज सुचारू रूप से चल सके। उनका कहना है कि अगर दाम कम नहीं किए गए, तो आने वाले समय में व्यापार पर इसका और भी गहरा असर पड़ेगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




