हमीरपुर जिला के टौणी देवी विकास खंड के अंतर्गत झनिक्कर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जब एक पशुशाला में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। यह हादसा राज कुमार विक्की (पुत्र बीरबल) की पशुशाला में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी पशुशाला इसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में एक गाय जिंदा जल गई, जिससे पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं, सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीमें भोरंज और हमीरपुर से घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। पशुशाला के जलने और एक गाय की मौत से गांव में मायूसी छा गई है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




