कांग्रेस सरकार आदर्श चुनाव आचार संहिता का कर रही खुला उल्लंघन, मुख्यमंत्री मित्रों को संरक्षण देने में व्यस्त : जयराम ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। मंडी

पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार आदर्श चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन कर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने और मित्रों को संरक्षण देने में व्यस्त है। मंडी से जारी बयान में ठाकुर ने स्पष्ट किया कि जब पूरे प्रदेश में चुनावी माहौल है और नियम प्रभावी हैं, तब सरकार पर्दे के पीछे से गैर-कानूनी गतिविधियों को अंजाम दे रही है, जिसे भारतीय जनता पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और इन तमाम गतिविधियों पर पार्टी की पैनी नजर बनी हुई है। नेता प्रतिपक्ष ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि सरकार के विभिन्न बोर्डों और निगमों में तैनात पदाधिकारी सरकारी संसाधनों और जनता के पैसे का दुरुपयोग कर चुनावी प्रचार में जुटे हुए हैं, जो न केवल अनैतिक है बल्कि सीधे तौर पर चुनाव आयोग के नियमों की अवहेलना है। ऐसे में आयोग को तत्काल संज्ञान लेकर इन अधिकारियों और पदाधिकारियों की गतिविधियों पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार के प्रलोभन दिए जा रहे हैं जो चुनाव के दौरान गलत परम्परा है। हमें जानकारी है कि अधिकांश ऐसी एजेंसियां कांग्रेस के उन नेताओं की हैं जिन्हें मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का संरक्षण प्राप्त है। चुनाव में ये लोग बहुत सक्रिय हैं और खासकर युवाओं को रोज़गार के नाम पर गुमराह कर अपने चहेते प्रत्याशियों को लाभ पहुंचाने की मंशा से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का मतदाता बहुत समझदार है। कांग्रेस के झूठे वायदे और ऐसे पैंतरों से चुनाव में कोई लाभ इन्हें मिलने वाला नहीं है। सराज के छतरी दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छुटभैया नेता तक सरकार की धौंस दिखाकर चुनाव में गलत हथकंडे अपना रहे हैं।

 

उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतंत्र में आचार संहिता की गरिमा सर्वोपरि होती है और यदि सरकार इसी तरह ‘मित्रों’ को उपकृत करने के लिए संस्थानों का दुरुपयोग करती रही, तो भाजपा न केवल इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेगी, बल्कि जनता की अदालत में भी सरकार को बेनकाब किया जाएगा। जयराम ठाकुर के अनुसार, सुक्खू सरकार अपनी हार सुनिश्चित देख अब बौखलाहट में ऐसे कदम उठा रही है जो प्रशासनिक मर्यादाओं के विपरीत हैं, और उन्होंने सरकारी मशीनरी को आगाह किया कि वे सत्ता के दबाव में आकर किसी भी अवैध कार्य का हिस्सा न बनें क्योंकि समय आने पर हर गलत फैसले का हिसाब लिया जाएगा।

 

 

जयराम ठाकुर ने भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और चुनावी नियमों के उल्लंघन को आधार बनाकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि सरकार पहले ही चुनाव में हार मान चुकी है। अब धनबल के सहारे चुनाव को प्रभावित करने के हथकंडे अपनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी की तरफ से अधिकांश जगह अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं और जल्द सभी जगह प्रत्याशियों का ऐलान पार्टी कर देगी। चुनाव स्वतंत्र तरीके और पारदर्शिता से होने चाहिए। अगर सरकार ने धनबल का प्रयोग और अनैतिक तरीके अपनाए तो भाजपा करारा जवाब देना जानती है।

 

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बुधवार को सराज के छतरी में देवता श्री नाग चपलांदु जी, पनाहार के सान्निध्य में आयोजित श्रीमद भागवत पुराण कथा में पहुंचे और कथा श्रवण किया। उन्होंने स्थानीय देवता का आशीर्वाद लेकर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव को लेकर चर्चा कर उनका मार्गदर्शन किया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh