धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
अणु सिंथेटिक ग्राउंड में स्वर्गीय श्री अभय पठानिया मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज़ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा उपस्थित रहे। टूर्नामेंट FC में पहुंचने पर आयोजन समिति द्वारा उनका फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
यह टूर्नामेंट स्वर्गीय अभय पठानिया की पावन स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जो स्वयं एक उत्कृष्ट फुटबॉलर रहे थे और जिनका कुछ वर्ष पूर्व एक दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था। उनके मित्रों द्वारा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने तथा नशे जैसी बुरी प्रवृत्तियों से दूर रखने के उद्देश्य से इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
इस टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं। विजेता टीम को ₹11,000 तथा उपविजेता टीम को ₹5,100 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने आयोजन समिति के इस सराहनीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग खेलों के प्रति जागरूक होकर अपनी रुचि बढ़ाएगा, तो निश्चित ही हमारा भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपनी ओर से ₹11,000 की सहयोग राशि भी प्रदान की, ताकि इस प्रकार के आयोजन निरंतर जारी रहें।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला हमीरपुर और नादौन की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





