मोदी सरकार का बड़ा फैसला: पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती से जनता को राहत, कांग्रेस पर दोहरे मापदंड का आरोप : अनुराग सिंह ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती का स्वागत करते हुए इसे जनहित में लिया गया बड़ा और सराहनीय निर्णय बताया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम देश के 140 करोड़ नागरिकों को महंगाई के दौर में सीधी राहत प्रदान करेगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि वैश्विक स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार भारी वृद्धि हो रही है, जिससे अधिकांश देशों में आम जनता पर बोझ बढ़ा है। ऐसे समय में भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जहां सरकार ने करों में कटौती कर आम लोगों को राहत देने का कार्य किया है। यह निर्णय केंद्र सरकार की जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर केंद्र सरकार जनता को राहत देने के लिए करों में कमी कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस शासित राज्यों में आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में बार-बार वैट बढ़ाकर लोगों पर आर्थिक दबाव बनाया और अब उसी क्रम में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 5 रुपये प्रति लीटर सेस लगाने का नया कानून पारित किया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया दोहरे मापदंडों को उजागर करता है, जहां एक तरफ वे केंद्र सरकार के फैसलों की आलोचना करते हैं और दूसरी ओर अपने राज्यों में जनता पर अतिरिक्त करों का बोझ डालते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा आम जनता के हितों को सर्वोपरि रखती है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के इस निर्णय से न केवल आम नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि इससे महंगाई पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh