स्कूलों को मर्ज न करने और पीलिया की रोकथाम बारे भाजपा ने उपायुक्त को भेजे ज्ञापन

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

भाजपा मंडल शहरी एवं ग्रामीण के सयुंक्त प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विधायक आशीष शर्मा की अगुवाई में उपायुक्त को दो ज्ञापन सौंपे। जिनमें पहले ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि हम हमीरपुर निवासी आपका ध्यान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हमीरपुर के विलय के विषय पर केंद्रित करवाना चाहते हैं। पिछले कई वर्षों से क्षेत्र की कन्याओं की शिक्षा के लिए यह विद्यालय समर्पित है तथा लगभग 435 कन्याएं नियमित रूप से यहां शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। विद्यालय का बोर्ड जो कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड है, स्थानीय समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप संचालित होता है। यह हमारे संज्ञान में आया है कि सरकार द्वारा इस विद्यालय का विलय भी राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हमीरपुर में कर दिया गया है। वर्तमान व्यवस्था से बच्चे अच्छा परिणाम दे रहे हैं तथा अभिभावक संतुष्ट हैं। विलय से शिक्षा की गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। यह विद्यालय क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक संस्थान है जिसे बंद या विलय करने से स्थानीय लोगों का मनोबल टूटेगा, अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि हमारे विद्यालय को विलय से मुक्त रखा जाए तथा इसके बोर्ड प्रबंधन को यथावत बनाए रखा जाए। इस विषय पर महोदय जी से प्रार्थना है कि

1. इस विद्यालय को सहशिक्षा और हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से ही संबंध रखा जाए।

2. हमीरपुर शहर के दूसरे विद्यालय को सीबीएसई सहशिक्षा किया जाए।

महोदय ऐसा करने से क्षेत्र के गरीब एवं वंचित विद्यार्थियों को बोर्ड चुनने का विकल्प मिल जाएगा और वो अपनी शिक्षा इच्छानुसार बोर्ड का विकल्प चुन सकेंगे। आपकी दयालुता के लिए हम सदैव आपके आभारी रहेंगे।

 

दूसरे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि जैसा कि आपको विदित है कि जिला मुख्यालय के साथ लगते करीब आधा दर्जन गांव पेयजल योजना के दूषित पानी के कारण पीलिया की चपेट में हैं। इन गांवों में बच्चों समेत करीब चार दर्जन लोग दूषित पानी पीकर पीलिया की चपेट में आए हैं। महोदय, आपसे निवेदन है कि इस पेयजल योजना में उद्योगों एवं अन्य लोगों द्वारा सीधे तौर पर फेंकी जा रही गंदगी की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाए जाएं एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ताकि आगामी समय में ऐसी लापरवाही उद्योग संचालकों एवं अन्य लोगों द्वारा न वरती जाए। विभाग को समय समय पर पेयजल योजनाओं के पानी के सैंपल भरने के निर्देश दिए जाएं। इस पेयजल योजना के अंतर्गत आने वाले गांवों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं एवं लोगों की जांच कर उन्हें जागरूक किया जाए। आपके सहयोग के लिए आभारी रहेंगे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष शहरी श्रीपाल शर्मा व समस्त कार्यकारणी, मंडल अध्यक्ष ग्रामीण जसवीर सिंह व कार्यकारिणी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh