सुजानपुर की जनता ने नकारा तो बौखला गए राजेंद्र राणा : राजेश ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पूर्व विधायक राजेंद्र राणा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब से सुजानपुर की जनता ने उन्हें नकार दिया है, तब से वह बौखलाहट में अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राणा के हालिया आरोपों में जरा भी सच्चाई नहीं है और वह सिर्फ राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए बेबुनियाद बातें कर रहे हैं।

राजेश ठाकुर ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि राजेंद्र राणा यह आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस सरकार के दौरान जमीनों पर कब्जे किए जा रहे हैं। अगर कहीं भी अवैध कब्जे हो रहे हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ राजस्व विभाग से नोटिस जारी करवाने चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाना जिम्मेदार राजनीति नहीं है।

उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा को पहले तथ्यों की पूरी जानकारी लेनी चाहिए थी। जिस जमीन को लेकर वह आरोप लगा रहे हैं, वहां हरिजन बस्ती के लिए सड़क निर्माण का कार्य विभाग द्वारा करवाया जा रहा है। ऐसे में इसे कब्जा बताना पूरी तरह भ्रामक और गलत है।

राजेश ठाकुर ने कहा कि राजेंद्र राणा को पहले अपने बारे में भी जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि उन्होंने जो बड़े-बड़े कारोबार और आलीशान मकान खड़े किए हैं, उसके लिए पैसा कहां से आया, इसका भी खुलासा जनता के सामने होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है और इस तरह के निराधार आरोपों से सच्चाई नहीं बदलने वाली। कांग्रेस सरकार प्रदेश के विकास और जनता के हितों के लिए प्रतिबद्ध है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh