वर्द्धमान ग्रुप ने आईटीआई हमीरपुर में किया 6 युवाओं का चयन

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

टैक्सटाइल्स क्षेत्र की प्रसिद्ध कंपनी वर्द्धमान टैक्सटाइल्स लिमिटेड की इकाई ऑरो टैक्सटाइल्स ने सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हमीरपुर में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए, जिनमें विभिन्न ट्रेडों के कुल 98 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

कैंपस इंटरव्यू के लिए आई कंपनी की टीम के सदस्यों अनुज त्रिवेदी और अक्षय कुमार ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। साक्षात्कार की प्रक्रिया के उपरांत कंपनी के अधिकारियों ने 6 अभ्यार्थियों का चयन किया और उन्हें ज्वाइनिंग लैटर भी प्रदान किए। चयनित अभ्यार्थियों को प्रशिक्षण की अवधि के दौरान प्रति माह लगभग 12,750 रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। प्रशिक्षण के 4 या 5 माह पश्चात कार्य दक्षता के आधार पर उन्हें हैल्पर के पद पर नियुक्त किया जाएगा और लगभग 18,433 मासिक वेतन दिया जाएगा।

उन्हें कंपनी की ओर से कई अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। इसमें लड़कों और लड़कियों को रहने के लिए अलग-अलग हॉस्टल या आवास सुविधा, कैंटीन, आकर्षक हाजिरी ईनाम, सामुदायिक केंद्र, मनोरंजन के साधन, एंबुलेंस सुविधा, समय-समय पर वेतन वृद्धि, एडवांस या लोन सुविधा, भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, सवेतन अवकाश, रात्रि शिफ्ट भत्ता, दीपावली बोनस तथा ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने कंपनी की भर्ती टीम का आभार व्यक्त किया और चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh