महिलाओं का सम्मान और उनके अधिकार सुनिश्चित करना संपूर्ण समाज का दायित्व : अभिषेक कुमार गर्ग

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

एडीसी हमीरपुर अभिषेक कुमार गर्ग ने कहा है कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी भागीदारी के बगैर हम किसी भी समाज और देश के विकास की कल्पना नहीं कर सकते हैं। अगर किसी समाज में महिलाएं किन्हीं कारणों से पीछे रह जाती हैं तो वह समाज पिछड़ जाता है। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर यहां एनजीओ भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। वो चाहे मनरेगा में कार्य करने एवं आसमान में जहाज उड़ाने या मॉडलिंग तथा अभिनय की।

अभिषेक गर्ग ने कहा कि आधुनिक दौर में भी महिलाएं कहीं न कहीं असमानता, भेदभाव और अत्याचार का शिकार हो रही हैं। यही कारण है कि हमें आज भी महिला दिवस मनाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हमारी आबादी का आधा हिस्सा हैं और अगर हम अपने आम जनजीवन में महिलाओं के योगदान को देखें तो हर दिन महिला दिवस ही लगता है। इसलिए हमें खुद में यह सोच विकसित करनी होगी कि महिलाओं के बगैर हमारा समाज अधूरा है और वे उच्च सम्मान की अधिकारी हैं। उन्होंने कहा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महिलाओं का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है और समाज में उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं समान अवसरों को सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने तृतीय श्रेणी की सरकारी नौकरियों में भी महिलाओं को 25 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वंशिका परमार मिस इंडिया अर्थ 2022 की विनर तथा हिमाचल प्रदेश इको टूरिज्म की ब्रांड एंबेसडर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान में पूरे विश्व में 8 मार्च को मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं को चला रही है तथा उन योजनाओं का सभी महिलाओं को लाभ लेना चाहिए।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कर्मचारियों, और अन्य महिलाओं ने जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा महिलाओं के लिए लेमन स्पून रेस, बैलून गेम ,म्यूजिकल चेयर, और मटका फोड़ प्रतियोगिता भी करवाई गई। एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी हमीरपुर सुनीता कुमारी , जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी टोणीदेवी कुलदीप सिंह चौहान, रिटायर्ड जिला कार्यक्रम अधिकारी कल्याण सिंह, रिटायर्ड बाल विकास परियोजना अधिकारी बलवीर सिंह बिड़ला सहित जिला की विभिन्न आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh