धर्मपुर एक्सप्रेस। शाहपुर
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अरविंद सिंह चौधरी ने शाहपुर विधानसभा में ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह शून्य हैं, जबकि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधि अपनी व्यक्तिगत मोहर लगाने का प्रयास कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
अरविंद सिंह चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले शाहपुर की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज जमीनी स्तर पर उन वादों का कोई अस्तित्व दिखाई नहीं देता। सड़कों, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और जनहित से जुड़े अनेक कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं, जिससे क्षेत्र की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक योजनाओं का लाभ शाहपुर की जनता को मिल रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार और स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व उन योजनाओं का श्रेय लेने की होड़ में लगे हुए हैं, जबकि उनका स्वयं का कोई योगदान नहीं है।
अरविंद सिंह चौधरी ने कांग्रेस सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में जनता कांग्रेस सरकार को जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा शाहपुर विधानसभा के विकास, युवाओं के भविष्य और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





