भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रतिनिधिमंडल प्रो. प्रेम कुमार धूमल से मिला

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ का एक प्रतिनिधिमंडल जिला संयोजक सतीश गौतम की अगुवाई में पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से समीरपुर स्थित उनके निवास स्थान पर मिला।

इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक मनोहर ठाकुर सहित प्रेम दत्‍याल, बलवीर सिंह, पृथी चौहान, वीर सिंह, प्रवीण बेदी, अजय शर्मा, प्रदीप कुमार, देशराज, संजीव कुमार, निशांत शर्मा आदि उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा जिला हमीरपुर में प्रकोष्ठ की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक प्रकोष्ठ संगठन की मजबूती का आधार है, लेकिन पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ का महत्व विशेष है क्योंकि इसमें वे लोग जुड़े होते हैं जिन्होंने अपने-अपने विभागों में लंबे समय तक सेवा देकर प्रशासनिक अनुभव, अनुशासन और कार्यसंस्कृति को निकट से देखा और समझा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व कर्मचारी समाज का एक जागरूक, अनुभवी और विचारशील वर्ग है, जो अपने अनुभव के आधार पर न केवल संगठन को मार्गदर्शन दे सकता है बल्कि सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा का पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ समाज में सकारात्मक संवाद स्थापित करने और संगठन की विचारधारा को सुदृढ़ करने में अहम योगदान देगा।

प्रो. धूमल ने जिला हमीरपुर की टीम पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि हमीरपुर सदैव संगठनात्मक दृष्टि से मजबूत जिला रहा है और यहां के कार्यकर्ता समर्पण, अनुशासन और सक्रियता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सतीश गौतम के नेतृत्व में जिला पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा और संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh