धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
रविवार को हमीरपुर शहर के गौडा क्षेत्र में चल रहे एक नशा मुक्ति केंद्र में सरकाघाट क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले एक 29 वर्षीय युवक की मौत होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में है। युवक की मौत किस वजह से हुई इसके लिए सदर पुलिस छानबीन में जुट गई है। मृतक युवक की पहचान साहिल ठाकुर (29) निवासी लोअर बरोट, फतेहपुर तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। जानकारी मिली है कि मृतक युवक के परिजनों ने 27 जनवरी को उसे गौड़ा में चल रहे एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रविवार दोपहर को यह युवक नशा मुक्ति केंद्र में अचेत अवस्था में पाया गया। नशा मुक्ति केंद्र के संचालकों को इस घटना की जानकारी मिली तो वे उसे उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज हमीरपुर ले गए। जहां पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह को जब इस घटना की सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। रविवार शाम को पुलिस की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन में गहनता से जुट गई है। नशा मुक्ति केंद्र में 29 वर्षीय युवक की अचानक हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है।
मामले की पुष्टि एडिशनल एस.पी राजेश उपाध्याय ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है और परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






