भलेठ स्कूल को सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट द्वारा ग्रीन अवॉर्ड से किया गया सम्मानित

धर्मपुर एक्सप्रेस। सुजानपुर 

पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ को सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट द्वारा ग्रीन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। विद्यालय में अपनाई गई प्रभावी सस्टेनेबल प्रथाओं के आधार पर विद्यालय को ग्रीन कैटेगरी में स्थान दिया गया।

इस संबंध में आयोजित सम्मान समारोह 30 जनवरी 2026 को इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजरी वी महाजन ने यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय के निरंतर प्रयासों, जागरूकता कार्यक्रमों तथा सामूहिक सहभागिता का परिणाम है। प्रधानाचार्य मंजरी वी महाजन ने बताया कि विद्यालय द्वारा एयर, एनर्जी, फूड, वेस्ट, वाटर और लैंड जैसे छह प्रमुख क्षेत्रों में विस्तृत ग्रीन ऑडिट किया गया। इन क्षेत्रों के अंतर्गत विद्यालय में स्वच्छ वायु बनाए रखने, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, पोषण युक्त भोजन को बढ़ावा देने तथा भूमि के सतत उपयोग से संबंधित अनेक गतिविधियाँ नियमित रूप से संचालित की जाती हैं । विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान, कचरे का पृथक्करण, प्लास्टिक उपयोग में कमी, पौधारोपण, जल संरक्षण और ऊर्जा बचत जैसी पर्यावरण हितैषी पहलें सफलतापूर्वक लागू की गईं हैं। विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने हेतु विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और गतिविधियों का भी आयोजन किया जाता है । इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में विद्यालय प्रबंधन समिति, समस्त विद्यालय स्टाफ तथा स्थानीय पंचायत का सक्रिय सहयोग सराहनीय रहा है।सभी के संयुक्त प्रयासों से विद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

विद्यालय को प्राप्त यह सम्मान न केवल भलेठ विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh