भाजपा जिला हमीरपुर द्वारा बूथ नंबर 20 पर बजट प्रसारण कार्यक्रम आयोजित

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर द्वारा हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 20 पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक सुजानपुर राजेंद्र सिंह राणा तथा हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने केंद्रीय बजट 2026-27 का लाइव प्रसारण सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह राणा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों और दृष्टिकोण से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का दर्शन समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा पर आधारित था। उनका संदेश छुआछूत और जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर एक समान समाज के निर्माण का था, जिसे हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

 

इसके पश्चात राजेंद्र सिंह राणा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में प्रस्तुत बहुआयामी और दूरदर्शी बजट बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट दृष्टिकोण भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और यह बजट उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

 

उन्होंने विशेष रूप से बजट में मेडिकल टूरिज्म पर दिए गए जोर का स्वागत करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में प्रदूषण रहित वातावरण, अनुकूल जलवायु और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण चिकित्सा पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र के विकास से राज्य में रोजगार सृजन, स्वास्थ्य ढांचे में सुधार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

 

इस अवसर पर जिला महामंत्री अजय शर्मा रिंटू ने कहा कि इस बजट में कैंसर, मधुमेह सहित सात गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता किया गया है, जिससे इन रोगों से पीड़ित लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में जिला स्तर पर अस्पतालों के उन्नयन तथा छात्राओं के लिए हॉस्टल निर्माण का प्रावधान आम जनता, विशेषकर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

 

कार्यक्रम में अन्य गणमान्य पदाधिकारियों में जिला महामंत्री अजय शर्मा रिंटू, जिला सचिव सुरेंद्र मिन्हास, मंडल अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा, मंडल महामंत्री राजेश ठाकुर, बूथ अध्यक्ष अंकुर कपूर तथा भारतीय जनता पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

विधायक आशीष शर्मा ने भी बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने वाला है तथा आम जनमानस के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बजट के प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh