सधरयाण में धूमधाम से मनाया अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस

धर्मपुर एक्सप्रेस। भोरंज 

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को आंगनवाड़ी केंद्र सधरयाण में खंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘उज्ज्वल भविष्य के लिए बालिकाओं का सशक्तिकरण’ विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में भोरंज के थाना प्रभारी प्रशांत ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

इस अवसर पर सभी बेटियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए प्रशांत ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें समान अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के बालिका दिवस के लिए दिए गए विषय का उद्देश्य बालिकाओं को तकनीक एवं कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अब बेटियों को केवल बचाना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, तकनीक और कौशल से जोड़कर सशक्त बनाना है, ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में समान भागीदारी निभा सकें। नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशांत ठाकुर ने कहा कि बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी, उनसे नियमित संवाद और सही मार्गदर्शन से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की विस्तृत जानकारी दी तथा डिजिटल ठगी से बचाव के उपायों से भी अवगत करवाया। विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली बालिकाओं को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया तथा उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करने की शपथ दिलाई गई। छोटी बच्चियों का जन्मदिन भी मनाया गया।

इससे पहले, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनील कुमार ने मुख्य अतिथि और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा बालिका दिवस के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर वृत्त पर्यवेक्षक रवि ठाकुर, सुनील नड्डा, अंजना शर्मा, आशा ठाकुर, सरोज ठाकुर एवं समन्वयक अक्षय महाजन भी उपस्थित रहे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh