45 साल की भाजपा को मिले 45 साल के राष्ट्रीय अध्यक्ष: राकेश ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा जिला पदाधिकारियों ने नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि 45 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुकी भारतीय जनता पार्टी को 45 वर्ष के ऊर्जावान, कर्मठ और संगठनात्मक अनुभव से परिपूर्ण नेतृत्व के रूप में नितिन नबीन मिले हैं, जो संगठन के लिए एक ऐतिहासिक संयोग और नई ऊर्जा का प्रतीक है।

राकेश ठाकुर ने कहा कि नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उनका संगठनात्मक जीवन अनुशासन, निरंतर परिश्रम और कार्यकर्ताओं से गहरे जुड़ाव का उदाहरण रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा “विकसित भारत” के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

 

जिला पदाधिकारियों ने कहा कि नितिन नबीन का नेतृत्व युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला है। उनका स्पष्ट दृष्टिकोण, वैचारिक प्रतिबद्धता और संगठन को मजबूत करने की क्षमता आने वाले समय में भाजपा को और अधिक सशक्त बनाएगी।

प्रो. धूमल ने भी दी बधाई

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति संगठन की वैचारिक निरंतरता और भविष्य की दिशा को मजबूत करने वाली है। प्रो. धूमल ने कहा कि नितिन नबीन ने अपने लंबे संगठनात्मक अनुभव से यह सिद्ध किया है कि वे कार्यकर्ताओं के विश्वास पर खरे उतरने वाले नेता हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh