चिट्टा मुक्त हिमाचल को जन-आंदोलन बनाने में युवाओं की भूमिका सराहनीय : राजीव राणा

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

माँ शिकारी युवा क्लब भरनोट द्वारा “चिट्टा मुक्त हिमाचल” अभियान से प्रेरित होकर भोरंज विधानसभा क्षेत्र के टिक्कर खतरियां में एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। इस खेल आयोजन में लगभग 18 टीमों ने भाग लेकर नशा मुक्त हिमाचल का सशक्त संदेश जन-जन तक पहुँचाया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य राजीव राणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। खिलाड़ियों, आयोजकों एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि आज का युवा वर्ग खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ता है तो नशे जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने कहा कि “चिट्टा मुक्त हिमाचल” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।

क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दिम्मी और शीशवां-11 की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शीशवां-11 की टीम ने विजय प्राप्त की। मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।

राजीव राणा ने माँ शिकारी युवा क्लब भरनोट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे खेल एवं सामाजिक चेतना से जुड़े आयोजनों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी, युवा वर्ग तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष भोरंज अमित ठाकुर, आयोजक संदीप चौहान उर्फ मोनी, पूर्व पंचायत सदस्य ग्राम पंचायत बलोह, अभिषेक ठाकुर, सौरभ एवं अभिषेक जसवाल विशेष रूप से मौजूद रहे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh