बीना चौहान। भराड़ी
सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भटेड़ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में दधोल के प्रमुख व्यवसायी एवं समाजसेवी राम चन्द बरुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वही कार्यक्रम की अध्यक्षता कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक के सेवानिवृत्ति प्रबंधक जोगिंदर शर्मा ने की। वार्षिक उत्सव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह बिलासपुर विभाग नीरज कुमार बतौर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य रामपाल नड्डा ने मुख्यातिथि को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और विद्यालय में चलने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। मुख्य अतिथि रहे राम चन्द बरुर विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भटेड़ लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने छात्रों को जीवन में मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि राम चन्द बरुर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती की शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कार, राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण और सामाजिक दायित्वों का भी बोध कराती है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय दुर्गम व दूरदराज क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण, जनजातीय व पिछड़े क्षेत्रों में उत्कृष्ट परिणाम देना इसकी विशेषता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियां केवल शिक्षा में ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जो सराहनीय है। नई शिक्षा नीति का भी यही उद्देश्य है, जिसे शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के सहयोग से सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा,
खेलकूद, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की धार्मिक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






