धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश को चिट्टे जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ से मुक्त बनाने के लिए एक बड़ी जंग का ऐलान किया है और इस चिट्टा विरोधी जंग में भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।
वीरवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में बोर्ड के 26 अन्य कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शपथ दिलाने के बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नरदेव सिंह कंवर ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि चिट्टे की तस्करी और सेवन में संलिप्त लोगों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 जारी किया गया है तथा चिट्टे के तस्करों को पकड़ने में मदद करने वालों के लिए मुख्यमंत्री ने बड़े ईनाम भी घोषित किए हैं। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी, सभी श्रमिकों तक मुख्यमंत्री के संदेश को पहुंचाएंगे। इन श्रमिकों के माध्यम से यह संदेश घर-घर तक पहुंचेगा और चिट्टा विरोधी अभियान को एक जन आंदोलन का रूप मिलेगा। नरदेव सिंह कंवर ने सभी श्रमिकों और अन्य लोगों से इस अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।
श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी ली शपथ
श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में वीरवार को नशा मुक्त हिमाचल अभियान के अंतर्गत नशा उन्मूलन के समर्थन में एक संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारण भी दिखाया गया तथा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ भी ली।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों, विशेष रूप से चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन, भंडारण, खरीद-फरोख्त अथवा किसी भी प्रकार के प्रोत्साहन से पूर्णतः दूर रहेंगे तथा भविष्य में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से ऐसी किसी भी गतिविधि में सम्मिलित नहीं होंगे।
नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक चुनौती है, जिससे निपटना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का निजी स्तर पर नैतिक दायित्व भी है। इस अवसर पर श्रम कल्याण अधिकारी रश्मि ठाकुर ने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपने कार्यस्थल के साथ-साथ अपने परिवार एवं व्यापक समाज में भी नशा मुक्त वातावरण के निर्माण हेतु निरंतर एवं सक्रिय योगदान दें।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






