मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में टोंग-लेन स्कूल के बच्चों से संवाद किया  

धर्मपुर एक्सप्रेस। धर्मशाला

 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला के सराह स्थित टोंग-लेन स्कूल का दौरा किया और छात्र-छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने बच्चों की रुचियों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्र व समाज के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि टोंग-लेन संस्थान अपने आरंभ से ही झुग्गी-झोंपड़ी और वंचित वर्ग के बच्चों के जीवन में सुधार लाने के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार जनता की सरकार है और उनके अधिकारों तथा कल्याण की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अनाथ बच्चों को उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुख आश्रय सहायता कोष की स्थापना की है, जिसके अंतर्गत सरकार इन बच्चों की शिक्षा सहित अन्य खर्च वहन कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि भी अर्पित की।

टोंग-लेन चौरिटेबल ट्रस्ट मुख्य रूप से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को टोंग-लेन स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करने के लिए कार्य करता है।

इस अवसर पर उपायुक्त हेमराज बैरवा, टोंग-लेन ट्रस्ट के प्रबंधन तथा स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित थेे।

 

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh