विविधता में एकता भारत की पहचान :डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

राजकीय उच्च विद्यालय स्वाहल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े ही उत्साह और धूमधाम से आयोजित किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा रहे। विद्यालय पहुंचने पर मुख्याध्यापक संदीप डढ़वाल, समस्त स्टाफ एवं क्षेत्र की जनता ने डॉ. वर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया।

समारोह की शुरुआत हवन के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि ने आहुति डालकर हवन को संपन्न करवाया। इसके उपरांत विद्यालय के छात्रों द्वारा तैयार साइंस प्रोजेक्ट्स एवं अन्य प्रदर्शनी का मुख्यातिथि द्वारा अवलोकन किया गया।
इसके बाद छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। पहाड़ी संस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यातिथि डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में बड़ी संख्या में प्रवासी भाई-बहनों के बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जो विविधता में एकता का वास्तविक उदाहरण है। यह हिमाचल के लिए गर्व की बात है कि बाहरी राज्यों से आए परिवार भी प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास जताते हैं।
उन्होंने विद्यालय की 11 छात्राओं के हॉकी में स्टेट लेवल चयन पर बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा और खेल दोनों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं कर रही है। इसी का परिणाम है कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा गुणवत्ता में देश में 21वें स्थान से उठकर अब शीर्ष 5 राज्यों में शामिल हुआ है।
सरकार द्वारा CBSE पाठ्यक्रम को 100 स्कूलों में लागू करना, तथा पहली कक्षा से अंग्रेज़ी माध्यम प्रारंभ करना भविष्य के सशक्त हिमाचल की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया, ग्राम पंचायत प्रधान नरेश कुमार, कैप्टन बलदेव राज, सूबेदार हंसराज, रिटायर्ड प्रिंसिपल अशोक सोनी, रिटायर्ड प्रिंसिपल अरुण कुमार, पूर्व महासचिव कांग्रेस मनोहर लाल कांगो, पूर्व कांग्रेस उपाध्यक्ष रतन चंद डोगरा, हेमचंद नरोता, मानिक सिंह, प्रदीप ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष देवदास शहंशाह, राकेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh