धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
भारतीय जनता युवा मोर्चा, हिमाचल प्रदेश की बैठक में संगठन को मजबूत करने तथा युवाओं को भाजपा से जोड़ने के लिए ‘1 बूथ – 10 यूथ’ कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी 7800 बूथों पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता घर-घर और व्यक्ति-व्यक्ति तक पहुंचकर युवाओं से संवाद स्थापित करेंगे।
युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने स्पष्ट किया कि आज प्रदेशभर के युवा वर्तमान कांग्रेस सरकार से गहरी नाराजगी व रोष व्यक्त कर रहे हैं। सरकार द्वारा पहली कैबिनेट में 1 लाख नौकरी देने तथा 5 वर्ष में 5 लाख रोजगार देने के घोषणाओं पर कोई प्रगति न होने से युवा वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि युवा मोर्चा बूथ स्तर से लेकर मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करेगा, ताकि युवाओं की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को प्रभावी रूप से पार्टी तक पहुंचाया जा सके।
मोदी द्वारा लालकिले के प्राचीर से कहा गया यह संकल्प भी कार्यक्रम का आधार रहा कि “भाजपा एक लाख ऐसे युवाओं को नेतृत्व में लाना चाहती है जिनके परिवार में पहले कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि न रहा हो।”
युवा मोर्चा ने निर्णय लिया कि वह इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नए, समर्पित और राष्ट्रभाव से प्रेरित युवा नेतृत्व को संगठन में जोड़ेगा।
प्रदेशभर में यह संपर्क अभियान 1 दिसंबर से 20 दिसंबर तक चलेगा। युवा मोर्चा के प्रदेश, जिला और मंडल पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर पर जाकर युवाओं से संवाद करेंगे और प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 नए युवाओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य पूरा करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने अभियान के सफल संचालन हेतु दिशा-निर्देश प्रदान किए और कहा कि युवा मोर्चा प्रदेश के हर कोने में भाजपा की विचारधारा और संगठनात्मक मूल्यों को लेकर पहुंचेगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






