विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में देशाटन की भूमिका महत्वपूर्ण: अनुराग सिंह ठाकुर   

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की मेधावी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए चलाई जा रही सांसद भारत दर्शन योजना का देश के कई जनप्रतिनिधि अनुसरण कर रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड के देवप्रयाग से विधायक विनोद कंडारी अपने विधानसभा के मेधावी विद्यार्थियों के साथ भारत दर्शन योजना के अंतर्गत दिल्ली में अनुराग ठाकुर से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। छात्रों को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज की दुनिया में यात्रा और पर्यटन व्यापक शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। विभिन्न शैक्षिक मानकों, पाठ्यक्रमों और सांस्कृतिक परिवेशों से परिचय छात्रों के लिए प्रेरणा और शिक्षा का एक महत्वपूर्ण स्रोत है।

 

उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के मेधावी छात्रों के लिए सांसद भारत दर्शन योजना विद्यार्थियों को हमारे समृद्ध गौरवशाली धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करवाने का प्रयास है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में देशाटन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह देख कर बहुत अच्छा लगता है कि देश भर के जनप्रतिनिधि सांसद भारत दर्शन मॉडल को अपना कर अपने स्थानीय विद्यार्थीयों को बढ़ावा देने के लिए आगे आ रहे हैं । देशाटन से छात्रों को बहुत कुछ ऐसा सीखने को मिलता है जो शायद क्लास में वर्षों बिताने के बाद भी ना मिले। छात्र जब समूह में एक साथ अपने स्कूल व शहर से बाहर निकलते हैं तो उनके अंदर एक टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि भारत दर्शन यात्रा से वापस लौटे छात्र-छात्राएं अगले वर्ष परीक्षा देने वाले बच्चों के लिए रोल मॉडल बनते हैं, जिससे नए विद्यार्थियों को भी भरपूर मेहनत करने की प्रेरणा मिलती है और वे भविष्य में राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए सक्षम बनते हैं।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh