धर्मपुर एक्सप्रेस । हमीरपुर
भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अरविंद चौधरी ने कांग्रेस सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर दिए गए बयान को शर्मनाक, आपत्तिजनक और निम्नस्तरीय राजनीति का प्रतीक बताया है।
अरविंद चौधरी ने कहा कि जब भी देश किसी संकट से गुजरता है, प्रधानमंत्री मोदी एक परिवार के मुखिया की तरह हर नागरिक के साथ खड़े रहते हैं। लेकिन कांग्रेस नेताओं को देशहित से ज्यादा अपनी राजनीति की चिंता रहती है।
उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी का यह बयान कांग्रेस सरकार की जनविरोधी मानसिकता और निराशाजनक कार्यशैली को उजागर करता है। उन्होंने स्वयं अपने बयान में स्वीकार किया है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब है — जो इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को कर्ज़ और अव्यवस्था के दलदल में धकेल दिया है।
अरविंद चौधरी ने कहा कि जब जनता महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल व्यवस्था से जूझ रही है, तब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके मंत्री केवल बयानबाज़ी और निम्नस्तरीय राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के समय भाजपा कार्यकर्ताओं और केंद्र सरकार ने राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों में पूरी मदद की, जबकि कांग्रेस सरकार की मशीनरी उस समय नदारद रही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए ऐसे निम्नस्तरीय बयानों से परहेज करना चाहिए, अन्यथा हिमाचल की जनता आगामी चुनावों में कांग्रेस सरकार को इसका करारा जवाब देगी।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






