किशोरावस्था के तनाव को नियंत्रित करके जीवन में आगे बढ़ें, कुठेड़ा स्कूल में आयोजित किया गया जागरुकता कार्यक्रम

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

 बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय हमीरपुर ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध मनोविज्ञानी एवं काउंसलर शीतल वर्मा ने मानसिक तनाव के लक्षणों और इस पर नियंत्रण एवं प्रबंधन के बारे में छात्राओं के साथ संवाद किया।

शीतल वर्मा ने बताया कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में मानसिक तनाव हमारी आम दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है, परन्तु जो व्यक्ति मानसिक एवं शारीरिक तौर से स्वस्थ होता है और मानसिक तनाव का बेहतर प्रबंधन करता है तथा इसे नियंत्रित कर लेता है, वह जीवन में निरंतर आगे बढ़ता जाता है। उन्होंने बताया कि बच्चों को परीक्षा के समय तथा आजीविका के लिए कॅरियर पेशे का चुनाव करते हुए अक्सर तनाव हो जाता है। इस तनाव को नियंत्रित करके जीवन में उन्नति की जा सकती है।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनीता शर्मा ने भी छात्राओं का मार्गदर्श करते हुए बताया कि मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बात करते समय सही शब्दों का प्रयोग करें तथा नकारात्मक भाषा से बचें। उन्होंने कहा कि हमें आभार तथा प्रशंसा व्यक्त करने और दूसरों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर भी ध्यान केंद्रित करना चाहिए। प्रधानाचार्य राजेश चंद्र ने भी छात्राओं को संबोधित किया और कार्यक्रम के आयोजन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग का आभार व्यक्त किया। इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित करने का आह्वान भी किया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh